शहडोल। सिंहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंतरिया टोला (बोड़री) में 5 सितंबर की शाम घटी घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और तनाव का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि 17 वर्षीय अविनाश नापित की निर्मम हत्या कर साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को फेंका गया है। घटना के 10 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली और ठोस कार्रवाई न होने से स्थानीय पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मुख्य विवरण:
मृतक: अविनाश नापित (उम्र 17 वर्ष)
पिता का नाम: सुनील नापित
निवासी: ग्राम अंतरिया टोला, बोड़री (थाना सिंहपुर)
घटना दिनांक व समय: 5 सितंबर 2026, लगभग शाम 6:15 बजे
घटना स्थल: घर से महज 200 मीटर दूर
पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
परिजनों ने सिंहपुर पुलिस पर मामले में लीपापोती करने का सीधा आरोप लगाया है। घटना स्थल घर से महज 200 मीटर की दूरी पर होने के बावजूद 10 दिनों में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। परिजनों का कहना है कि पुलिस विवेचना के नाम पर केवल समय बिता रही है और मुख्य आरोपियों तक पहुंचने में नाकाम साबित हुई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान का इंतजार
स्थानीय थाना पुलिस की कार्यशैली से असंतुष्ट पीड़ित परिवार अब न्याय के लिए जिला स्तर के जिम्मेदार अधिकारियों की ओर देख रहे है। देखना यह होगा कि शहडोल जिला पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी इस संवेदनशील मामले को कब गंभीरता से संज्ञान में लेते हैं और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।












