शहडोल। कलेक्टर पार्थ जायसवाल के निर्देशन में जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में जन्मोत्सव कार्यक्रम अत्यंत उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इसी क्रम में सोहागपुर परियोजना अंतर्गत ग्राम कोटमा एवं ग्राम मैकी के आंगनबाड़ी केंद्रों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
कोटमा और मैंकी के कार्यक्रमों में जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा एवं परियोजना अधिकारी सोहागपुर आनंद अग्रवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
राधा-कृष्ण का रूप: आंगनबाड़ी केंद्रों में नन्हें-मुन्हें बच्चे भगवान श्री कृष्ण और राधा की मनमोहक वेशभूषा में पहुंचे। अधिकारियों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया।
केक कटिंग व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां: कान्हा के जन्मोत्सव पर बच्चों द्वारा उत्साहपूर्वक केक काटा गया। इसके साथ ही छोटे-छोटे बच्चों ने भक्ति गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
विशेष भोज व वितरण: जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए विशेष भोज का आयोजन किया गया तथा उन्हें फल एवं मिठाइयां वितरित की गईं।
ग्राम कोटमा और मैकी सहित सभी केंद्रों में आयोजित इस जन्मोत्सव में स्थानीय जनसमुदाय की भी सक्रिय और उत्साही भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और आनंददायक बना रहा।












