शहडोल। स्थानीय यूआईटी संस्थान में आयोजित हो रहे ‘यूआईटी उत्सव 2026’ के नौवें दिन खेल के मैदान से लेकर सांस्कृतिक मंच तक उत्साह और ऊर्जा का अनूठा प्रदर्शन देखने को मिला। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को भव्यता प्रदान की।
फुटबॉल, रोमांचक फाइनल में माइनिंग तृतीय वर्ष की जीत
स्पोर्ट्स इंचार्ज बिपिन सिंह ने बताया कि फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद कड़ा रहा। माइनिंग तृतीय वर्ष और चतुर्थ वर्ष के बीच खेले गए इस मैच में तृतीय वर्ष की टीम ने शानदार समन्वय दिखाते हुए 2-1 से खिताबी जीत हासिल की।
एथलेटिक्स और इंटर-कॉलेज टूर्नामेंट का आगाज
मैदान पर एथलेटिक्स स्पर्धाओं के तहत लॉन्ग जंप, हाई जंप, जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो और 100-200 मीटर दौड़ में खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। वहीं, इंटर कॉलेज क्रिकेट टूर्नामेंट का भी औपचारिक शुभारंभ हुआ। प्रभारी गोपालदास मानिकपुरी के अनुसार।
क्रिकेट, आईटीआई शहडोल ने अपने मैच में 7 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की।
वॉलीबॉल, पॉलिटेक्निक शहडोल ने पहले मैच में 2-1 से जीत दर्ज की, जबकि दूसरे मैच में यूआईटी शहडोल ने 2-0 से विपक्षी टीम को मात दी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और नारी शक्ति का प्रदर्शन
सांस्कृतिक प्रभारी निखत खान के निर्देशन में आयोजित नृत्य, गायन और नाटकों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विशेष रूप से ‘नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा’ के अंतर्गत छात्राओं की भागीदारी ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
अतिथियों का मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन
संस्था के संचालक डॉ. पंकज जैन ने विजेता टीमों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बाहर से आई इंटर-कॉलेज टीमों का भी अभिनंदन किया। इस अवसर पर SECL में कार्यरत संस्था के पूर्व छात्र शिवम् शर्मा की उपस्थिति वर्तमान छात्रों के लिए प्रेरणादायी रही।
“खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। यूआईटी उत्सव इसी प्रतिभा को निखारने का एक मंच है।” — डॉ. पंकज जैन, संचालक
सफल आयोजन में योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में लवकेश नायक, अमिताभ मिश्रा, सुनैना सैलानी, निकहत खान और आशीष खरे का विशेष योगदान रहा।
Author: सुभाष गौतम
जनहित के लिए बुलंद आवाज










