छतरपुर। प्रख्यात आचार्य धर्मेंद्र अवस्थी ने अपने एक पूर्व सहयोगी पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग कर ब्लैकमेल करने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने छतरपुर के स्थानीय थाने में काफी समय पहले ही शिकायत दर्ज करा दी है और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
आचार्य धर्मेंद्र अवस्थी द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, जबलपुर का रहने वाला सिद्धार्थ पाण्डेय (उर्फ मोहित) नामक युवक पिछले दो वर्षों से उनका विश्वास जीतकर उनके काफी करीब आ गया था। वह आचार्य जी के सभी धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में लगातार उनके साथ रहता था।
नशे की लत और मोबाइल का दुरुपयोग
आचार्य जी ने बताया कि कुछ समय बाद उन्हें जानकारी मिली कि सिद्धार्थ पाण्डेय शराब, गांजा और ड्रग्स जैसे कई प्रकार के घातक नशों का आदी है। इतना ही नहीं, उसने आचार्य जी के विश्वास और उनके मोबाइल का दुरुपयोग करते हुए उनके कई जजमानों की बहन-बेटियों के मोबाइल नंबरों पर अनधिकृत कॉल और मैसेज भी किए। सिद्धार्थ की इन आपराधिक आदतों और हरकतों का पता चलते ही आचार्य धर्मेंद्र अवस्थी ने तत्काल बिना किसी देरी के उसे अपने साथ से हटा दिया।
AI के जरिये फर्जी वीडियो-दस्तावेज बनाकर ब्लैकमेलिंग
आरोप है कि अपने साथ से हटाए जाने के बाद आरोपी सिद्धार्थ पाण्डेय ने आचार्य जी के साथ गाली-गलौज और अभद्रता करना शुरू कर दिया। इसके बाद उसने आधुनिक विज्ञान यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सहारा लेकर आचार्य धर्मेंद्र अवस्थी के कई विचित्र व फर्जी फोटो, वीडियो और जाली दस्तावेज तैयार कर लिए। इन तकनीकी रूप से निर्मित फर्जी सामग्रियों के बल पर आरोपी अब आचार्य जी और उनके परिवार को पैसों के लिए लगातार ब्लैकमेल कर रहा है।
परिवार को जान से मारने की धमकी, साक्ष्य पुलिस के पास
आचार्य धर्मेंद्र अवस्थी ने आरोप लगाया है कि आरोपी सिद्धार्थ उनके बच्चों और पत्नी को लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहा है। आचार्य जी के अनुसार, इस पूरी ब्लैकमेलिंग, गाली-गलौज और धमकियों के पुख्ता साक्ष्य तथा कॉल रिकॉर्डिंग्स उनके पास सुरक्षित हैं, जिन्हें उन्होंने छतरपुर पुलिस को सौंप दिया है। उन्होंने इस विचित्र और संकटपूर्ण परिस्थिति में कानून, प्रशासन और आम जनता से मदद और सहयोग की अपील की है ताकि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
Author: सुभाष गौतम
जनहित के लिए बुलंद आवाज









