शहडोल। मध्य प्रदेश के बालाघाट में आयोजित 16वीं राज्य स्तरीय कराते प्रतियोगिता में शहडोल के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए कुल 11 पदक अपने नाम किए हैं। आर.के. मार्शल आर्ट एंड स्पोर्ट्स एकेडमी के इन खिलाड़ियों ने न केवल जिले का मान बढ़ाया, बल्कि अब वे राष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
पदक विजेताओं का शानदार प्रदर्शन
17 से 18 जनवरी तक हरि मंगलम लॉन, बालाघाट में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 30 जिलों से लगभग 800 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। नेशनल कराते कोच रामकिशोर चौरसिया के मार्गदर्शन में एकेडमी के 8 खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु और भार वर्ग में चुनौती पेश की:
* अभिनव सिंह परस्ते: 2 स्वर्ण पदक
* अभिरुचि सिंह: 2 स्वर्ण पदक
* देवांक श्रीवास्तव: स्वर्ण पदक
* प्रयुक्त नंदी: स्वर्ण पदक
* अब्बीषा सिंह: स्वर्ण पदक
* उत्तम हलवाई: 2 रजत पदक
* आर्यस गुप्ता: 2 कांस्य पदक
* वंशिका प्रजापति: उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन
अब देहरादून में दिखाएंगे दम
प्रतियोगिता के दौरान दल प्रबंधक किरण सिंह परस्ते के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने अनुशासित और आक्रामक खेल दिखाया। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर इन सभी 8 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय कराते प्रतियोगिता (देहरादून) के लिए हुआ है, जहाँ वे मध्य प्रदेश के दल में शामिल होकर पदक के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे।
खुशी की लहर
खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनके अभिभावकों, विद्यालय परिवार और खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त किया है। कोच रामकिशोर चौरसिया ने बताया कि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और नियमित प्रशिक्षण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया है।
Author: सुभाष गौतम
जनहित के लिए बुलंद आवाज











