शहडोल। यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र और मानसून की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ की गई। संस्थान परिसर में नवप्रवेशित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सहभागिता से व्यापक वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के तहत परिसर के विभिन्न हिस्सों में फलदार, छायादार एवं सजावटी पौधों का रोपण किया गया। नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लिया। वहीं संस्थान के कर्मचारियों ने पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
संस्थान के निदेशक डॉ. पंकज जैन ने कहा कि “वृक्ष पृथ्वी का आधार हैं। अधिक से अधिक पौधरोपण और उनकी नियमित देखभाल ही सतत विकास की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है।” कार्यक्रम में डॉ. पी.एल. वर्मा सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। वृक्षारोपण प्रभारी अमिताप मिश्रा ने बताया कि परिसर को हरित बनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
प्रवेश प्रक्रिया में भी शानदार उपलब्धि
नए सत्र की शुरुआत संस्थान के लिए प्रवेश प्रक्रिया के लिहाज से भी उत्साहजनक रही। प्रथम चरण की काउंसलिंग के बाद ही UIT RGPV में 90 प्रतिशत से अधिक सीटों पर प्रवेश दर्ज हो चुके हैं। माइनिंग इंजीनियरिंग की 78 में से 76 तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग की 78 में से 66 सीटों पर विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है।
संस्थान प्रबंधन ने इसे विद्यार्थियों के बढ़ते विश्वास और गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा का परिणाम बताते हुए कहा कि आगामी चरणों में शेष सीटों पर भी प्रवेश पूर्ण होने की उम्मीद है। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हरित पहल और उत्कृष्ट प्रवेश प्रदर्शन के साथ सकारात्मक वातावरण में हुई है।












