पाली/शहडोल। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी कॉलोनी में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान एक 65 वर्षीय मजदूर दो मंजिला इमारत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर की पहचान पाली निवासी हीरालाल महोबिया 65 वर्ष के रूप में हुई है। उनकी हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें बेहतर उपचार के लिए जबलपुर के मेट्रो अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम लगभग 4 बजे हीरालाल महोबिया MPEB कॉलोनी में एक ठेकेदार के अधीन छत पर शीट लगाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे दो मंजिला ऊंचाई से सीधे नीचे गिर पड़े। हादसे में उनके दोनों हाथों में फ्रैक्चर हो गया, जबकि सिर में गंभीर चोट लगने से दिमाग में रक्तस्राव होने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद उन्हें तत्काल पाली अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए शहडोल रेफर किया गया। शहडोल के श्रीराम अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उन्हें सोमवार देर शाम जबलपुर स्थित मेट्रो अस्पताल भेज दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दो मंजिला ऊंचाई पर कार्य कराने के बावजूद मजदूर को न तो सेफ्टी बेल्ट, न हेलमेट और न ही अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे। साथ ही 65 वर्षीय बुजुर्ग मजदूर से जोखिमपूर्ण कार्य कराए जाने पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
जांच और कार्रवाई की मांग
घटना के बाद क्षेत्र में ठेकेदार की कार्यप्रणाली और विभागीय निगरानी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय नागरिकों और श्रमिक संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने, घायल मजदूर के उपचार का पूरा खर्च संबंधित ठेकेदार एवं विभाग से वहन कराने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।












