शहडोल। यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने और सड़क सुरक्षा का महत्व समझाने के लिए शहडोल यातायात पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। कार्यालय यातायात थाना परिसर में ‘सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता’ विषय पर एक भव्य वाल पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस रचनात्मक अभियान में यूआईटी आर.जी.पी.वी. शहडोल के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कला के माध्यम से समाज को जागरूक करने का बीड़ा उठाया।
दीवारों पर उकेरे सुरक्षा के नियम
प्रतियोगिता के दौरान छात्रों ने अपनी सृजनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन किया। सूनी दीवारों पर रंगों और कूचियों के सहारे छात्रों ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को सुंदर चित्रों में ढाला। छात्रों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स न केवल आकर्षक थीं, बल्कि देखने वालों पर गहरा प्रभाव छोड़ने वाली थीं।
इन्होंने बढ़ाया छात्रों का हौसला
इस आयोजन की रूपरेखा और छात्रों के मार्गदर्शन का कार्य यूआईटी आरजीपीवी के सहायक प्राध्यापक डेनिज सूर्यवंशी एवं शीर्ष सर द्वारा किया गया। उनकी देखरेख में छात्रों ने अनुशासित ढंग से अपनी कला का प्रदर्शन किया।
वहीं, कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित यूआईटी आरजीपीवी के संचालक डॉ. पंकज जैन ने छात्रों की हौसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि छात्र शक्ति के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है और यह आयोजन उसी दिशा में एक सार्थक कदम है।
पुलिस और प्रशासन की सक्रिय भूमिका
इस सफल आयोजन का श्रेय यातायात पुलिस की सक्रियता को भी जाता है। यातायात थाना प्रभारी संजय जायसवाल ने अपनी पूरी टीम के साथ मौके पर उपस्थित रहकर व्यवस्था संभाली। उन्होंने छात्रों की कला की सराहना करते हुए कहा कि चित्रकारी से दिया गया संदेश लोगों के मन-मस्तिष्क पर गहरा असर करता है।
इस मौके पर यातायात थाने का समस्त बल मौजूद रहा और उन्होंने छात्रों को यातायात नियमों की बारीकियों से भी अवगत कराया।











