शहडोल। जिले के सोहागपुर थाने में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगे हैं, जिससे पुलिस की छवि और निष्पक्षता पर सवाल उठ खड़े हुए हैं। सूत्रों के अनुसार, सोहागपुर थाने के प्रभारी के मार्गदर्शन में पुलिसकर्मी अपने निजी स्वार्थों के लिए काम कर रहे हैं। हाल ही में, पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव के निर्देश पर, थाना और ग्राम छतवई, पिपरिया के लिए एक वॉट्सऐप ग्रुप बनाया गया था।
अवैध धंधों से जुड़े लोग ग्रुप में शामिल
इस ग्रुप को लेकर सामने आई जानकारी ने पुलिस की भूमिका को संदिग्ध बना दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस ग्रुप में क्षेत्र के उन लोगों को शामिल किया गया है जो कथित तौर पर अवैध कारोबारों, जैसे शराब,अवैध रेत सहित उन लोगों जिनसे सोहागपुर पुलिस रोजाना दो चार होती है और लाभ के व्यापार में लिप्त हैं। ये वो लोग हैं जिन पर पुलिस को नकेल कसनी चाहिए थी, लेकिन इसके बजाय उन्हें पुलिस के ही एक आधिकारिक संचार माध्यम में जगह दी गई है।
समाज के प्रतिष्ठित लोग बाहर
दूसरी ओर, इस ग्रुप से गांव के कई प्रतिष्ठित और जिम्मेदार नागरिकों को बाहर रखा गया है। इनमें वरिष्ठ राजनीतिक, पत्रकार, वकील, रिटायर्ड अधिकारी, कर्मचारी और समाजसेवी शामिल हैं जो मौजूदा सरकार और समाज में एक अलग प्रभुत्व रखते हैं। आमतौर पर ऐसे ग्रुप्स में इन्हीं लोगों को शामिल किया जाता है ताकि पुलिस और आम जनता के बीच संवाद बेहतर हो सके। लेकिन सोहागपुर पुलिस का यह कदम संदेह पैदा करता है कि क्या यह ग्रुप जनसेवा के लिए बनाया गया था या कुछ और मकसद था।
पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल
यह स्थिति कई गंभीर सवाल खड़े करती है।
क्या सोहागपुर पुलिस अवैध कारोबारियों को संरक्षण दे रही है?
क्या यह वॉट्सऐप ग्रुप सूचना के आदान-प्रदान के बजाय निजी स्वार्थों की पूर्ति का माध्यम बन गया है?
पुलिस अधीक्षक के निर्देशों का पालन किस तरह से किया जा रहा है?
इस तरह की गतिविधियाँ न केवल पुलिस की निष्पक्षता पर संदेह पैदा करती हैं, बल्कि कानून व्यवस्था पर भी नकारात्मक प्रभाव डाल सकती हैं। यदि पुलिस ही अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देगी, तो आम जनता का न्याय प्रणाली पर से भरोसा उठ जाएगा।
यह देखना होगा कि इस मामले में पुलिस प्रशासन क्या कदम उठाता है और क्या इस ग्रुप की संरचना में कोई बदलाव किया जाता है। जनता को उम्मीद है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सब जुगाड का है मामला,अवैध कारोबारियों से है नजदीकी,सब का अपना है हिस्सा,सोहागपुर पुलिस पर बरस रही विशेष कृपा?
Author: सुभाष गौतम
जनहित के लिए बुलंद आवाज











